वाराणसी।
शनिवार सुबह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से अचानक फायर हो गया। घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, लेकिन पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और गिट्टियां आसपास मौजूद लोगों को लगीं, जिससे तीन लोग घायल हो गए।
घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा तीनों घायलों को मंडलीय चिकित्सालय कबीरचौरा भेजा गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य बताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली चलने की आवाज सुनते ही मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित किया और कुछ ही देर में स्थिति सामान्य हो गई।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। संबंधित पीएसी जवान से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आकस्मिक फायरिंग का प्रतीत हो रहा है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कार्बाइन से फायर किन परिस्थितियों में हुआ और कहीं सुरक्षा मानकों के पालन में कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









Users Today : 1
Users This Year : 24230
Total Users : 36823
Views Today : 2
Total views : 72376