गाजीपुर।
जनपद के बिरनो थाना क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो में भर्ती कराया गया। मौके से एक तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और गो-तस्करी में प्रयुक्त होने वाला एक पिकअप वाहन बरामद किया गया।
क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि ने बताया कि बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जरगो गांव से पलिया जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने पलिया हनुमान मंदिर के पास वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सवार आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान नोनहरा थाना क्षेत्र के नोनहरा गांव निवासी सेराज खान के रूप में हुई है, जिसे तत्काल सीएचसी बिरनो भेजा गया।
मौके से पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र निवासी संतोष राजभर तथा गुलालसराय निवासी दिल मोहन राठौर के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दो आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी पहले कार्रवाई हो चुकी है।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
सीओ अनुभव राजर्षि ने बताया कि बरामद पिकअप वाहन का इस्तेमाल कथित तौर पर गो-तस्करी में किया जाता था। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।












Users Today : 54
Users This Year : 18305
Total Users : 30898
Views Today : 126
Total views : 61448