आजमगढ़।
जिले में लूट और छिनैती की वारदातों से दहशत फैलाने वाले 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को फूलपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर (21) निवासी सहजेरपुर और शिव कुमार राजभर उर्फ लाला (23) निवासी चकबहार, थाना फूलपुर के रूप में हुई है। दोनों पर लूट, छिनैती समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और एसएसपी द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गुरुवार तड़के मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुड़ियार ईदगाह के पास बिना नंबर प्लेट की केटीएम बाइक से घूम रहे दोनों बदमाशों की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पुलिस वाहन की हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक जोड़ी चांदी की पायल, 1577 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त केटीएम-250 बाइक बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे केटीएम बाइक की तेज रफ्तार का फायदा उठाकर महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाते थे। विरोध करने पर तमंचा दिखाकर डराते और लूटपाट कर फरार हो जाते थे। उन्होंने फूलपुर, सरायमीर, माहुल और पवई क्षेत्र में कई मोबाइल व पर्स छिनैती की घटनाओं में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस अब दोनों बदमाशों के अन्य आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











Users Today : 44
Users This Year : 18015
Total Users : 30608
Views Today : 109
Total views : 60775