आलू के नीचे छिपा था 2.31 करोड़ का ‘जाम’! चंदौली पुलिस ने पकड़ी 8,222 लीटर अवैध शराब की खेप

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली।

जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मुगलसराय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से 925 पेटी (8,222.8 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार करते हुए ट्रक को भी कब्जे में ले लिया।

पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 31 लाख रुपये आंकी गई है। तस्कर शराब को पंजाब से बिहार ले जा रहे थे और ट्रक में लदे आलू के बीच बड़ी चालाकी से छिपाकर परिवहन किया जा रहा था ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार के पर्यवेक्षण में थाना मुगलसराय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप बिहार में खपाने की तैयारी थी। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि जनपद में अवैध शराब, मादक पदार्थों और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुगलसराय पुलिस और स्वाट टीम ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर अंतर्राज्यीय तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य तस्करों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य बिंदु

* 925 पेटी (8,222.8 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

* अनुमानित कीमत करीब 2.31 करोड़ रुपये

* पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी खेप

* आलू की बोरियों के बीच छिपाकर की जा रही थी तस्करी

* एक तस्कर गिरफ्तार, ट्रक जब्त

* मुगलसराय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई

* अंतर्राज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क की जांच जारी।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई