चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मंगलवार को (मुगलसराय)
राजकीय महिला चिकित्सालय में मरीजों और अस्पताल कर्मियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अत्याधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि लगभग 30 वर्ष पुराने इस अस्पताल में पहली बार इतनी व्यापक अग्निशमन व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे आग लगने की किसी भी घटना पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सकेगा।
डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम की स्थापना के लिए पूर्ववर्ती चिकित्सा अधिकारियों ने भी काफी प्रयास किए थे। उनके कार्यकाल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) तथा शासन स्तर से लगातार प्रस्ताव मांगे गए, जिसके बाद इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिल सकी और अब इसका कार्य तेजी से चल रहा है।

उन्होंने बताया कि नए सिस्टम के तहत अस्पताल में 42 स्प्रिंकलर, 44 फायर अलार्म सिस्टम, होज़ रील, होज़ पाइप तथा 10 हजार लीटर क्षमता की पानी की टंकी स्थापित की जा रही है। यह पूरी व्यवस्था स्वचालित होगी। अस्पताल के किसी भी हिस्से में धुआं उत्पन्न होते ही सिस्टम स्वतः सक्रिय हो जाएगा, अलार्म बजने लगेगा और संबंधित क्षेत्र में पानी का छिड़काव शुरू हो जाएगा, जिससे आग को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सकेगा।
इसके अतिरिक्त अस्पताल को 14 एबीसी (ABC) फायर एक्सटिंग्विशर और 6 सीओ₂ (CO2) फायर एक्सटिंग्विशर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन उपकरणों की मदद से अस्पताल कर्मी आवश्यकता पड़ने पर मैनुअल रूप से भी आग पर नियंत्रण कर सकेंगे।
चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि इस कार्य को उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य की संभावित पूर्णता तिथि 30 जून निर्धारित की गई है और उम्मीद है कि निर्धारित समय के भीतर पूरी व्यवस्था अस्पताल प्रशासन को सौंप दी जाएगी।
डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि यह फायर फाइटिंग सिस्टम मरीजों, तीमारदारों तथा अस्पताल कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा और किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी सुरक्षा कवच का कार्य करेगा।










Users Today : 14
Users This Year : 23710
Total Users : 36303
Views Today : 43
Total views : 71309