आजमगढ़।
सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो में बाइक पर सवार होकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट और रौब गांठते नजर आए युवकों पर आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। साथ ही वीडियो में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। 20 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते और दबंगई का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो के वायरल होने से आमजन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने की आशंका जताई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच में वायरल वीडियो में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर बाइक संख्या UP50BK8664 की पहचान कर उसे नियमानुसार सीज कर दिया गया। इसके साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहे तीनों युवकों को चिन्हित कर पुलिस हिरासत में लिया गया।
पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान आदर्श चौहान, कुंजेश जायसवाल और सत्यम गुप्ता के रूप में हुई। 21 जून को ऑपरेशन वज्रपात के तहत तीनों के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई, स्टंटबाजी, मारपीट या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और समाज में भय व अपराध को बढ़ावा देने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।










Users Today : 29
Users This Year : 17813
Total Users : 30406
Views Today : 70
Total views : 60325