वाराणसी।
री-NEET-UG 2026 परीक्षा के दौरान वाराणसी में सुरक्षा जांच के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले फ्रिस्किंग के दौरान एक संदिग्ध अभ्यर्थी को पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके अंडरगारमेंट्स से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पुराना NEET प्रश्नपत्र और ग्लू जैसी संदिग्ध सामग्री बरामद होने से परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। गहन तलाशी लेने पर उसके पास से प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में छात्र ने अपनी पहचान प्रिंस दुबे निवासी बलिया के रूप में बताई। उसने बताया कि वह मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है और री-NEET परीक्षा देने वाराणसी आया था।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस और जांच एजेंसियां अब उसके मोबाइल फोन की चैट, कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि छात्र किसी सॉल्वर गैंग या संगठित पेपर लीक नेटवर्क के संपर्क में हो सकता है। हालांकि, उसके पास से मिला प्रश्नपत्र पुराना बताया जा रहा है और उसकी सत्यता की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस छात्र के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। बरामद सामग्री की फोरेंसिक और तकनीकी जांच के जरिए किसी बड़े नेटवर्क या परीक्षा माफिया के सुराग तलाशे जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियां हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।











Users Today : 25
Users This Year : 17809
Total Users : 30402
Views Today : 61
Total views : 60316