चकिया (चंदौली), 20 जून 2026
जनपद के विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शनिवार को चकिया स्थित काशी राज माध्यमिक विद्यालय तथा नौगढ़ में निर्माणाधीन आईटीआई कॉलेज का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान काशी राज माध्यमिक विद्यालय परिसर में निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर टेस्ट लैब स्थापित न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था को तत्काल टेस्ट लैब स्थापित करने के निर्देश दिए और कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मैनपावर बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाले कच्चे माल की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को दो दिनों के भीतर अब तक कराई गई सभी जांचों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
वहीं नौगढ़ स्थित आईटीआई कॉलेज के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने शेष बचे छोटे-छोटे कार्यों को शीघ्र पूरा कर भवन को संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे
रिपोर्ट – आलिम हाशमी










Users Today : 4
Users This Year : 23795
Total Users : 36388
Views Today : 4
Total views : 71501