लखनऊ।
पूर्वांचल के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के सतत प्रयासों से क्षेत्र को नई रेल सेवाओं की सौगात मिली है। शुक्रवार को मऊ रेलवे स्टेशन से मंत्री ए.के. शर्मा ने नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया और इसे पूर्वांचल के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
नई सुविधाओं के तहत दोहरीघाट–वाराणसी मेमू ट्रेन सेवा का संचालन शुरू किया गया है। वहीं मऊ–आनंद विहार (दिल्ली) ट्रेन तथा छपरा–आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन अब मऊ के रास्ते किया जाएगा, जिससे पूर्वांचल के यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्वांचल की जनता की वर्षों पुरानी मांगों को गंभीरता से लेते हुए पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल आज देश की अर्थव्यवस्था की ग्रोथ इंजन बन चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को नई गति दे रही है।
मंत्री ने रेल मंत्री से मऊ–आनंद विहार ट्रेन को साप्ताहिक के बजाय दैनिक संचालित किए जाने की मांग भी रखी। साथ ही मऊ जिले में गोठा स्थित 25-सी और 27-सी अंडरपास निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि रेल सुविधाओं का यह विस्तार केवल नई ट्रेनों का संचालन नहीं, बल्कि पूर्वांचल के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देने वाला कदम है। इससे व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच और अधिक आसान होगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्य कार्यक्रम छपरा में आयोजित हुआ, जिसमें केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सम्राट चौधरी मौजूद रहे। मंत्री ए.के. शर्मा मऊ रेलवे स्टेशन से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और उपस्थित जनसमूह ने उनका संबोधन भी सुना।










Users Today : 21
Users This Year : 17462
Total Users : 30055
Views Today : 108
Total views : 59626