फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में बोरी में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की क्रूरता को उजागर कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, महिला के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से पांच बार वार किया गया था। हमले में उसके चेहरे और सिर की चार हड्डियां टूट गई थीं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए जांच के लिए स्लाइड भी तैयार की है।
घटना के छह दिन बाद भी पुलिस महिला की पहचान नहीं कर सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने महिला की शिनाख्त कराने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस ने पहचान में मदद के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की सहायता से महिला की स्पष्ट तस्वीर भी जारी की है। महिला की पहचान और हत्यारों तक पहुंचने के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं।
बीते 12 जून को खागा कोतवाली क्षेत्र के स्पूरी गांव के पास प्रधान ढाबा के आगे स्थित ओवरब्रिज के निकट एक पीली बोरी में करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का खून से सना शव बरामद हुआ था। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। प्रारंभिक जांच में हत्या कर शव को बोरी में भरकर फेंके जाने की आशंका जताई गई थी।
पुलिस अब महिला की पहचान कराने और घटना का खुलासा करने के लिए आसपास के जिलों के थानों, गुमशुदगी के रिकॉर्ड और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।











Users Today : 16
Users This Year : 17457
Total Users : 30050
Views Today : 88
Total views : 59606