शहाबगंज (चंदौली)
शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा गोविंदीपुर में सार्वजनिक तालाब की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के पुराने पोखरे की लगभग दो बीघा भूमि पर पिछले दो वर्षों से कब्जा किया जा रहा है, जिससे जल निकासी की समस्या गंभीर होती जा रही है। वहीं हाल ही में राजस्व विभाग की कार्रवाई को लेकर भी ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव स्थित पोखरे की जमीन पर पहले धीरे-धीरे अतिक्रमण किया गया और बाद में चारों ओर बांस व पर्दा लगाकर घेराबंदी कर दी गई। आरोप है कि तालाब में मिट्टी डलवाकर उसे पाटने का भी प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव का तालाब ही समाप्त हो जाएगा तो बरसात के दिनों में पानी की निकासी कैसे होगी और गांव का जल संरक्षण तंत्र पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा।
ग्रामीण कमलेश चौहान, राजेश चौहान, राम प्रसाद चौहान, रमेश, विजय राजवंश, बीपी यादव, गुलाब चौहान, तारा, चंदा, राजकुमारी, फूल कुमारी एवं सुनीता सहित अन्य लोगों का आरोप है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत कई बार जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी से की। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन दो वर्षों के दौरान केवल जांच और नापी की प्रक्रिया ही हुई, जबकि कब्जा हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि कब्जाधारी के रूप में गांव के ही बिहारी चौहान का नाम सामने आ रहा है। विरोध करने पर लोगों को धमकाने की बात भी ग्रामीणों ने कही है।
इधर बीते बुधवार को राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची और कथित रूप से बिना सीमांकन एवं पूर्व सूचना के एक मड़ई को गिराकर वापस लौट गई। ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी कार्रवाई से पहले नोटिस जारी किया जाना चाहिए था तथा भूमि का स्पष्ट सीमांकन भी आवश्यक था। ग्रामीणों का आरोप है कि आधी-अधूरी कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा।
बताया जाता है कि मौके पर लेखपाल मनीष बजरंग सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। ग्रामीण अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब तालाब और जल निकासी के प्राकृतिक स्रोत ही कब्जे की भेंट चढ़ जाएंगे, तो बरसात में गांव को जलभराव से कौन बचाएगा?
रिपोर्ट – आलिम हाशमी










Users Today : 40
Users This Year : 17576
Total Users : 30169
Views Today : 76
Total views : 59815