वाराणसी
भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर आधारित केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों पर आधारित पांच दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन टीएफसी बड़ालालपुर में किया गया।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने गत 12 वर्षों में विकास, सुशासन, सांस्कृतिक गौरव, आधारभूत संरचना, गरीब, युवा, अन्नदाता व नारी कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां अर्जित की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है।
उन्होंने कहा कि गत 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन परिल़िक्षत हो रहा है। यह प्रदर्शनी केंद्र व राज्य सरकार की विकास यात्रा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं एवं आमजन को सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रदर्शनी में प्रदर्शित तथ्य, आंकड़े एवं दृश्य सामग्री आमजन को विकास यात्रा से रूबरू कराने में सहायक सिद्ध होंगे।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं सुशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों को आकर्षक एवं तथ्यपरक स्वरूप में प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों, युवाओं तथा आमजन ने योजनाओं एवं विकास कार्यों को सरल, आकर्षक एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किए जाने की सराहना की।
सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय वाराणसी के सहायक निदेशक सुरेंद्र नाथ पाल ने बताया कि आयोजित यह पांच दिवसीय प्रदर्शनी 21 जून तक प्रतिदिन प्रातः 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक आमजन के अवलोकन हेतु खुली रहेगी। प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी उपलब्ध कराना है।
सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों के अवसर पर 17 से 21 जून जनकल्याण शिविर, स्वास्थ्य शिविर, प्रबुद्धजन संवाद एवं जनपद स्तरीय स्वदेशी सरस मेला का भी आयोजन बड़ालालपुर स्थित टीएफसी में किया जा रहा है।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु ‘, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधान परिषद सदस्य राय धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य, विधायक डॉ अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप कुमार पटेल, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, डीसी एनआरएलएम पवन सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











Users Today : 40
Users This Year : 17220
Total Users : 29813
Views Today : 104
Total views : 59116