परसौली की बदहाली, गरीबों के राशन पर डाका, टूटी सड़कें और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था — अब जनता की आवाज़ बनेगा जनआंदोलन

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

बांदा,बबेरू,

दिनांक 15 जून 2026 दिन सोमवार को मैंने, शालिनी सिंह पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष, जनता दल (यूनाइटेड), उत्तर प्रदेश एवं बुंदेलखंड प्रभारी के रूप में जनपद बांदा के विकासखंड कमासिन अंतर्गत ग्राम पंचायत परसौली का स्थलीय निरीक्षण किया।

ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, किसानों एवं बुजुर्गों से संवाद करने के साथ-साथ पूरे गांव का भ्रमण कर जमीनी हकीकत को देखा। निरीक्षण के दौरान जो स्थिति सामने आई, वह अत्यंत चिंताजनक है और यह दर्शाती है कि विकास के दावे धरातल पर पूरी तरह अधूरे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि परसौली के कोटेदार द्वारा लोगों के अंगूठे लगवाकर राशन की पर्ची तो दे दी गई, लेकिन करीब 400 लोगों को राशन नहीं दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार इस माह का लगभग 100 कुंतल राशन अभी भी संबंधित कोटेदार के पास है।

इस गंभीर मामले की शिकायत ग्रामीणों ने 13 जून 2026 को उपजिलाधिकारी बबेरू को की थी, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। गरीबों के हक का राशन रोकना न केवल प्रशासनिक विफलता है बल्कि गरीब परिवारों के अधिकारों का खुला उल्लंघन भी है।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बीते वर्ष अक्टूबर माह की उस दर्दनाक घटना की भी जानकारी दी, जब ग्राम पंचायत परसौली के मजरा जियालाल का पुरवा के तीन युवकों की परसौली-बबेरू-बांदा मार्ग पर ट्रैक्टर की टक्कर से मृत्यु हो गई थी। उस समय सांसद, विधायक सहित कई जनप्रतिनिधि गांव पहुंचे, शोक संवेदना व्यक्त की और सड़क निर्माण सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान के बड़े-बड़े वादे करके चले गए थे।

(ग्रामीणों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद जब मृतकों के शव गांव लाए गए तो रास्ता न होने के कारण शव अपने घरों के दरवाजे तक भी नहीं पहुंच पाए थे। परिजनों और ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था।) लेकिन आज तक न सड़क बनी और न ही किए गए वादों को पूरा किया गया। गांव में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी अत्यंत दयनीय है।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का भवन तो बना हुआ है, लेकिन वहां पहुंचने के लिए समुचित रास्ता तक नहीं है। एक कमरे के इस स्वास्थ्य केंद्र में न पर्याप्त सुविधाएं हैं और न ही नियमित चिकित्सकीय व्यवस्था। गांव की मुख्य डामर सड़क लगभग 95 प्रतिशत तक टूट चुकी है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय के पास गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जो बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।

जब मैंने स्वयं गांव का भ्रमण किया और महिलाओं, युवाओं तथा ग्रामीणों से बातचीत की तो उन्होंने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मौके पर निरीक्षण करने पर मुझे भी यह सारी कमियां स्पष्ट रूप से दिखाई दीं। यह स्थिति बताती है कि ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है।

जनता दल (यूनाइटेड) जनता की आवाज़ को बुलंद करने के लिए प्रतिबद्ध है और इन्हीं सभी जनसमस्याओं—गरीबों को राशन न मिलने, सड़कों की बदहाली, स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा, विद्यालयों के आसपास फैली गंदगी तथा अधूरे विकास कार्यों—को लेकर दिनांक 17 जून 2026, दिन बृहस्पतिवार को अशोक लाट, बांदा में जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ता, ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जागरूक नागरिक एकत्रित होंगे और जिलाधिकारी , बांदा को ज्ञापन सौंपेंगे।

यह केवल परसौली की लड़ाई नहीं है, बल्कि उन सभी गांवों की आवाज़ है जो वर्षों से उपेक्षा, भ्रष्टाचार और विकासहीनता का सामना कर रहे हैं। जनता के अधिकारों, गरीबों के सम्मान और गांवों के समग्र विकास के लिए यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

 

रिपोर्ट – सुनील यादव

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई