चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय),
अलीनगर बच्चों के क्रिकेट खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। अलीनगर क्षेत्र निवासी रोशन कुमार ने पड़ोस के दो युवकों पर घर में घुसकर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रोशन कुमार के अनुसार, उनके घर के बगल में कुछ युवक क्रिकेट खेलते हैं और खेल के दौरान गेंद बार-बार उनके घर की ओर आ जाती है। इससे उनके बच्चों को कई बार चोट लग चुकी है। उन्होंने युवकों से सावधानी बरतने और गेंद घर की तरफ न आने देने की बात कही, जिस पर विवाद शुरू हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह शिकायत लेकर अलीनगर थाने पहुंचे, जहां से उन्हें जफरपुर पुलिस चौकी भेजा गया। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों के घर गई और दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाकर मामला सुलझाने की बात कही।
रोशन कुमार का आरोप है कि पुलिस के लौटने के कुछ ही देर बाद आरोपी उनके घर में घुस आए और उन्हें अकेला पाकर मारपीट की। उन्होंने घटना के लिए प्रदीप कुमार गोंड और गणेश कुमार गोंड को जिम्मेदार ठहराया है।
पीड़ित ने बताया कि वह अब किसी प्रकार का समझौता नहीं चाहते और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने अलीनगर थाना और जफरपुर चौकी दोनों को मामले की सूचना दे दी है।
इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।










Users Today : 28
Users This Year : 16871
Total Users : 29464
Views Today : 77
Total views : 58432