मोतिहारी, 12 जून 2026
चंपारण प्रमंडल, मोतिहारी ने डाक जीवन बीमा (PLI) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे बिहार परिमंडल में अपना परचम लहराया है।
दिनांक 11 जून 2026 को मुकेश कुमार लस्कर, डाक अधीक्षक, चंपारण प्रमंडल, मोतिहारी के कुशल नेतृत्व में डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा का विशेष अभियान (ड्राइव) आयोजित किया गया, जिसमें एक ही दिन में कुल 1 करोड़ 46 लाख रुपये का प्रीमियम प्राप्त कर चंपारण प्रमंडल ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
इस विशेष अभियान के दौरान कुल 306 डाक जीवन बीमा (PLI) पॉलिसियां तथा 723 ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) पॉलिसियां जारी की गईं। इस प्रकार एक ही दिन में कुल 1029 नई पॉलिसियों का व्यवसाय अर्जित कर चंपारण प्रमंडल ने न केवल अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया, बल्कि पूरे बिहार परिमंडल में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
इस अभूतपूर्व सफलता में चंपारण प्रमंडल, मोतिहारी के सभी डाक कर्मयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेष रूप से कई कर्मचारियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए अभियान को सफलता के शिखर तक पहुंचाया।
अभियान में सर्वाधिक योगदान देने वालों में आलोक कुमार, शाखा डाकपाल, चिन्तामनपुर ने कुल ₹8,79,840 का प्रीमियम अर्जित कर प्रमुख भूमिका निभाई।
इसी प्रकार अरुण कुमार, शाखा डाकपाल, झाँझरा ने ₹2,34,595, हरिओम प्रकाश, पोस्टमैन, दामोदरपुर उपडाकघर ने ₹2,19,204, श्याम सुंदर कुमार, पोस्टमैन, पचपकरी उपडाकघर ने ₹2,16,520, शशि रंजन, शाखा डाकपाल, नरकटिया ने ₹1,92,312, सुंदरम कुमार वत्स, शाखा डाकपाल, बहादुरपुर ने ₹1,47,463, धीरज कुमार पांडेय, शाखा डाकपाल, सवांगिया ने ₹1,42,320 तथा अनुराग प्रियदर्शी, उपडाकपाल, सुगौली उपडाकघर ने ₹1,33,100 का प्रीमियम अर्जित कर चंपारण प्रमंडल को बिहार परिमंडल में प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान के दौरान कुल 33 डाक कर्मियों ने एक लाख रुपये से अधिक का प्रीमियम अर्जित किया, जो कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, कार्यकुशलता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का परिचायक है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डाक अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लस्कर ने कहा कि यह सफलता चंपारण प्रमंडल, मोतिहारी के सभी डाक कर्मियों की कड़ी मेहनत, लगन, टीम भावना एवं जनसंपर्क कौशल का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि डाक विभाग की बीमा योजनाओं के प्रति लोगों का बढ़ता विश्वास और कर्मचारियों की अथक मेहनत ही इस उपलब्धि की आधारशिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी चंपारण प्रमंडल, मोतिहारी इसी प्रकार नए-नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा और बिहार परिमंडल में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
लस्कर ने इस शानदार उपलब्धि के लिए चंपारण प्रमंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
इस उपलब्धि को और अधिक गौरवपूर्ण बनाने के लिए दिनांक 12 जून 2026 को डाक अधीक्षक मुकेश कुमार लस्कर द्वारा उन सभी डाक कर्मियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अभियान के दौरान एक लाख रुपये से अधिक का प्रीमियम अर्जित किया था।
चंपारण प्रमंडल, मोतिहारी की यह उपलब्धि न केवल बिहार डाक परिमंडल के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह दर्शाती है कि समर्पित नेतृत्व, टीमवर्क और जनसेवा की भावना के बल पर असंभव प्रतीत होने वाले लक्ष्य भी आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं।
यह सफलता निश्चित रूप से भविष्य में और भी बड़े कीर्तिमानों की आधारशिला सिद्ध होगी।










Users Today : 56
Users This Year : 17019
Total Users : 29612
Views Today : 110
Total views : 58695