भदोही, 08 जून 2026:–
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के प्रथम दिन जनपद में परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज गोपीगंज, एम.ए. समद इंटर कॉलेज भदोही तथा नेशनल इंटर कॉलेज भदोही परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों से परीक्षा संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा यह सुनिश्चित किया कि किसी भी अभ्यर्थी को प्रतिबंधित सामग्री के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करने दिया जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु बनाए रखा जाए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि परीक्षा संचालन के दौरान समयबद्धता एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी गतिविधियों की सतत निगरानी की जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता एवं सजगता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और अभ्यर्थियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।
अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उसका समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भर्ती परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराया जा रहा है। जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित होती मिली।
आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 की लिखित परीक्षा 08 जून 2026 को प्रथम पाली के समस्त केंद्रों पर अभ्यार्थियों की संख्या 2976, उपस्थित 2306, अनुपस्थित 670 रहे। द्वितीय पाली में अभ्यर्थियों की संख्या 2976, उपस्थित 2312, अनुपस्थित 664 रहे।










Users Today : 54
Users This Year : 23665
Total Users : 36258
Views Today : 121
Total views : 71224