वाराणसी
रामनगर क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में 4 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मिनी इण्डोर स्टेडियम का शिलान्यास कैण्ट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने किया।
विधायक ने नारियल फोड़ कर कार्य का शुभारंभ किया। शिलापट्ट का अनावरण प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अविनाश कुमार मिश्रा और सेनानायक अनिल कुमार पांडेय ने किया।
कमांडेंट आवास के सामने आयोजित इस कार्यक्रम के साथ ही रामनगर में खेल एवं युवा विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई।
शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि यह मिनी इण्डोर स्टेडियम रामनगर के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी निर्माण करते हैं। इस स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनकी प्रतिभा को नया आयाम मिलेगा और वह प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।
विधायक सौरभ ने कहा कि रामनगर में खेल अवसंरचना के विकास से क्षेत्र की विकास रेखा बदलने वाली है। यह स्टेडियम आने वाले वर्षों में अनेक खिलाड़ियों को तैयार करेगा और क्षेत्र के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा।
इस अवसर पर सेनानायक अनिल कुमार पांडेय ने भी विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ उठाकर युवा अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।
कार्यक्रम में राधा किशोरी राजकीय महिला इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अनुराधा पांडेय, आशा गुप्ता, अभिषेक मिश्रा, अशोक जायसवाल, संतोष द्विवेदी, अनुपम गुप्ता, प्रीति सिंह, नंदलाल चौहान, सृजन श्रीवास्तव, राजेंद्र शंकर सिंह पटेल, अजय प्रताप सिंह, पार्षद मोनिका यादव, पार्षद लल्लन सोनकर, पार्षद अमित सिंह चिंटू, जितेंद्र पांडेय, रितेश राय, रितेश पाल, संतोष गुप्ता, राजकुमार सिंह, विवेक मिश्रा, उदय श्रीवास्तव, गोविंद मौर्य, आलोक सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, आमजन एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का स्वागत करते हुए इसे रामनगर के खेल एवं शैक्षिक विकास के लिए मील का पत्थर बताया। मिनी इण्डोर स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों को अपने घर के निकट ही उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।











Users Today : 137
Users This Year : 23928
Total Users : 36521
Views Today : 294
Total views : 71791