सकलडीहा, चंदौली। ग्राम सभा उकनी वीरम राय स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास लगा 10 KVA का ट्रांसफार्मर बढ़ते विद्युत भार के कारण बार-बार जल जा रहा है, जिससे लगभग 40 से 45 परिवारों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान ट्रांसफार्मर गांव की आवश्यकता के अनुरूप नहीं है और ओवरलोड होने के कारण लगातार खराब हो जाता है।
इस गंभीर समस्या को लेकर किसान नेता पिंटू पाल ने अधिशासी अभियंता (XEN) नरेश कुमार को पत्रक सौंपते हुए तत्काल 10 KVA ट्रांसफार्मर को हटाकर 63 KVA का ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि तपती धूप और भीषण गर्मी में बिजली संकट के कारण ग्रामीणों, किसानों, बुजुर्गों और बच्चों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
पिंटू पाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली विभाग ने जल्द ही 63 KVA का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया, तो गांव के लोग और किसान यूनियन के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आमरण अनशन भी किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि समस्या का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत मिल सके। गांव में ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि की मांग को लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।










Users Today : 3
Users This Year : 17044
Total Users : 29637
Views Today : 3
Total views : 58728