चन्दौली सिकन्दरपुर
गांव में मार्केट से पटेल चौराहा को जोड़ने वाली पुलिया का नव निर्माण हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन नहर से मिट्टी न हटाए जाने के कारण किसानों में भारी आक्रोश है।
शुरुआती दौर में पुलिया तोड़कर आवागमन चालू रखने के लिए पुल के दोनों तरफ मिट्टी का साइड वॉल बनाकर अस्थायी रास्ता दिया गया था। पुल का निर्माण कार्य पूरा हुए महीनों हो गए, लेकिन नहर से वह मिट्टी अभी तक नहीं निकाली गई। इसके चलते नहर का पानी सिर्फ उसी पुलिया तक ही सीमित रह गया है।
किसानों की बढ़ी परेशानी
पुलिया के आगे के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे किसान धान की नर्सरी डालने के लिए पानी के अभाव में परेशान हैं। खरीफ सीजन सिर पर है, लेकिन सिंचाई के पानी की समस्या से बुवाई का काम रुक गया है।
किसानों का आरोप
ग्रामीण ओम प्रकाश पटेल, दुलारे प्रजापति, मुन्ना पटेल, आलोक श्रीवास्तव, विजय चौरसिया और सूरत प्रजापति का कहना है कि इस समस्या से सिंचाई विभाग को कई बार अवगत कराया गया। सूचना देने के बावजूद न तो पुलिया से मिट्टी हटाई गई और न ही नहर की सफाई का कार्य हुआ।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मिट्टी नहीं हटाई गई और पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
क्या है मांग
किसानों की मांग है कि नहर से तुरंत मिट्टी हटाकर सफाई कराई जाए ताकि आगे के खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंच सके और धान की नर्सरी का काम समय से शुरू हो सके।











Users Today : 11
Users This Year : 23953
Total Users : 36546
Views Today : 11
Total views : 71827