चन्दौली
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर गुरुवार को (मुगलसराय)। नगर पालिका परिषद की लापरवाही के चलते चिट्ठी रोड क्षेत्र के 100 से अधिक परिवारों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा नाले की खुदाई किए जाने के बाद उसे करीब एक महीने से खुला छोड़ दिया गया है, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और संक्रमणजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, खुले पड़े नाले के कारण आसपास का वातावरण अस्वच्छ हो गया है। कई स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि नाले की खुदाई के बाद नगर पालिका ने निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया, जिससे आम नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि नगर में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, जिसके तहत विभिन्न स्थानों पर नालों की खुदाई की जा रही है। जहां लोक निर्माण विभाग (PWD) खुदाई के बाद निर्माण कार्य तेजी से करा रहा है, वहीं नगर पालिका द्वारा खोदा गया नाला लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है।

वार्ड सभासद राजेश जायसवाल ने बताया कि इस समस्या से संबंधित शिकायत कई बार नगर पालिका अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लगातार शिकायत कर रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार जायसवाल ने बताया कि खुले नाले के कारण लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। खासकर छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं राज शर्मा ने कहा कि नाले की खुदाई के बाद उसे यूं ही छोड़ दिया गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द नाले का निर्माण कार्य पूरा कराने और पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित बीमारियों के खतरे को टाला जा सके।










Users Today : 15
Users This Year : 23957
Total Users : 36550
Views Today : 26
Total views : 71842