सहारनपुर/
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी धाम के दौरे पर पहुंचे। उनके आगमन से पूरा धाम क्षेत्र भक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया। शंकराचार्य आश्रम के बाहर सीएम योगी का परंपरागत तरीके से भव्य स्वागत किया गया। आश्रम प्रभारी महंत भैरवतंत्राचार्य सहजानंद महाराज ने स्वयं आगे बढ़कर पुष्पगुच्छ भेंट किया और अंगवस्त्र ओढ़ाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने सीएम के सशक्त और जनकल्याणकारी नेतृत्व की मुक्त कंठ से सराहना की।

मुख्यमंत्री के आगमन से आश्रम परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो गया। महंत सहजानंद महाराज ने सीएम को मां शाकंभरी देवी धाम के पौराणिक महत्व और आध्यात्मिक विरासत से अवगत कराया। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री योगी ने संतों को नमन कर उनका आशीर्वाद लिया। स्वागत कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
इस अवसर पर पंडित अमन कौशिक समेत आश्रम से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आश्रम से विदा लेने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे मां शाकंभरी देवी मंदिर पहुंचा। वहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद सीएम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।









Users Today : 81
Users This Year : 23777
Total Users : 36370
Views Today : 214
Total views : 71480