आजमगढ़।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद जनपद आजमगढ़ में आगामी मौसम संबंधी संभावित आपदाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। आंधी-तूफान, तेज बारिश और अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के बाद जिलाधिकारी रविंद कुमार ने जूम मीटिंग कर सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखने का आदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए ग्राम प्रधान, लेखपाल, पंचायत सचिव समेत क्षेत्रीय कर्मचारियों को समय रहते सूचनाएं आमजन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके साथ ही विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग, नगर निकाय और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन तक पहुंचाई जाए और शासन के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। वहीं जनपदवासियों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।









Users Today : 7
Users This Year : 15574
Total Users : 28167
Views Today : 8
Total views : 55916