आगामी त्योहार बकरा ईद (ईद-उल-अजहा) को क्षेत्र में शांति, सौहार्द और पारंपरिक भाईचारे के साथ मनाने के मद्देनजर रनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगापुर चौकी पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्ध नागरिकों, स्थानीय संभ्रांत लोगों और पीस कमेटी के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बैठक में मौजूद एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा और रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह ने उपस्थित लोगों से सीधा संवाद किया और सुरक्षा व्यवस्था व अन्य जरूरी इंतजामों को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने अपील की कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई अराजक तत्व शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। थाना प्रभारी ने साफ तौर पर कहा कि सभी लोग पारंपरिक और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करें।
गंगापुर चौकी प्रभारी पवन यादव ने उपस्थित लोगों को सरकारी गाइडलाइंस की जानकारी देते हुए प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने और सार्वजनिक स्थलों पर खुले में कुर्बानी न देने की सख्त हिदायत दी। साथ ही, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा गया कि कुर्बानी के बाद अवशेषों को खुले में न फेंकें, बल्कि उन्हें गड्ढा खोदकर दबाएं या स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सही निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में मौजूद मुस्लिम समुदाय के लोगों और पीस कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में हमेशा की तरह इस बार भी त्योहार पूरी अकीदत, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन द्वारा समय से की गई इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर क्षेत्र के सम्मानित नागरिक और भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।











Users Today : 26
Users This Year : 23817
Total Users : 36410
Views Today : 34
Total views : 71531