दिल्ली से बलिया तक फैला था नेटवर्क, गुजरात कनेक्शन से खुला बड़ा राज; स्पा सेंटर सील, सेक्स रैकेट की आशंका से मचा हड़कंप
बलिया, उत्तर प्रदेश : बलिया जिले में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के साथ मिलकर शहर के एक स्पा सेंटर पर हाई प्रोफाइल छापेमारी की। कोतवाली थाना क्षेत्र के माल गोदाम के सामने चटोरी गली में संचालित स्पा सेंटर पर हुई इस कार्रवाई में 7 नाबालिग समेत कुल 8 लड़कियों को सकुशल बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक मामला दिल्ली में दर्ज एक गुमशुदगी केस की जांच के दौरान खुला। दिल्ली पुलिस ने पहले गुजरात से एक लड़की को बरामद किया था। पूछताछ में लड़की ने खुलासा किया कि जिस महिला ने उसे गुजरात ले जाया था, वह बलिया के इसी स्पा सेंटर में काम करती है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम तत्काल बलिया पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से देर शाम स्पा सेंटर पर छापा मार दिया।
सूत्रों के अनुसार स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट चलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। रेड के बाद मौके पर मौजूद लड़कियों से घंटों पूछताछ की गई। सभी बरामद लड़कियों को फिलहाल वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है।
देर शाम सिटी मजिस्ट्रेट, शहर कोतवाल और दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटर को सील कर दिया गया। पुलिस अब मेडिकल जांच, काउंसलिंग और कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने में जुटी है। बताया जा रहा है कि सभी लड़कियों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा, जिसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें अपने साथ ले जा सकती है।
इस हाई प्रोफाइल कार्रवाई के बाद जिले के अन्य स्पा सेंटर संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।










Users Today : 6
Users This Year : 17047
Total Users : 29640
Views Today : 6
Total views : 58731