वाराणसी।
मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने विद्युत आपूर्ति से संबंधित एक समीक्षा बैठक की, जिसमें विद्युत विभाग के वाराणसी जनपद के सभी अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता, मुख्य अभियंता (वितरण) व 20 पार्षद गण ने प्रतिभाग किया। सभी से विद्युत आपूर्ति से संबंधित जानकारी ली व क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर बदलने में लगने वाले समय के बारे में जानकारी ली। मंडलायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निम्नवत् निर्देशित किया —
1) सभी बिजलीघरों पर तैनात कर्मी, जे ई, एस डी ओ संबंधित पार्षदगणों के फोन नंबर अपने मोबाइल में सेव रखें तथा उनके फोन उठायें ताकि समस्या से अवगत हो सकें और उनको समस्या के निवारण में लगने वाले संभावित समय के बारे में जानकारी दें तथा बिजलीघर के ह्वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को सूचित करें।
2) सभी अधिकारी अपने संबंधित फील्ड में भ्रमण करें तथा फील्ड की वस्तुस्थिति से अवगत होकर समस्या का शीघ्र निस्तारण करायें।
3) सोशल मीडिया व समाचार पत्रों के माध्यम से आगामी कार्य हेतु होने वाले आपूर्ति में किसी भी व्यवधान के बारे में उपभोक्ताओं को पहले से ही सूचित करें।
4) प्रतिदिन किये जाने वाले अच्छे कामों के बारे में तथा उनसे उपभोक्ताओं को होने वाली सुविधाओं के बारे में अवगत करायें।
5) सप्लाई का आउटेज कम से कम समय के लिए हो।
6) प्रशासन कार्यालय से औचक सत्यापन कराया जायेगा कि बिजलीघरों पर या थे ई व एस डी ओ आदि अधिकारियों के फोन उठ रहे हैं या नहीं?
बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए तथा अनावश्यक विद्युत कटौती पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सरकार की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रांसफार्मरों की क्षमता, विद्युत लाइनों के रखरखाव एवं फाल्ट की त्वरित मरम्मत की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने वर्तमान विद्युत आपूर्ति की स्थिति, संभावित चुनौतियों एवं उनके समाधान संबंधी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर आमजन को सुचारु विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।









Users Today : 1
Users This Year : 15568
Total Users : 28161
Views Today : 1
Total views : 55909