बिजली कटौती पर फूटा लोगों का गुस्सा,एसडीओ बोले नया ट्रांसफार्मर लगते ही मिलेगी राहत
चौबेपुर/वाराणसी
स्थानीय बाजार के स्टेशन रोड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बिजली कटौती और फ्यूज उड़ने की समस्या को लेकर गुरुवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित नागरिकों ने सड़क पर उतरकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।क्षेत्रवासियों का कहना है कि बीती रात पूरी तरह बिजली गुल रही, जिससे भीषण गर्मी और उमस में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की हालत खराब रही तथा लोग पूरी रात जागने को मजबूर रहे।प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि दिन और रात में लगातार लोकल फॉल्ट व फ्यूज उड़ने की समस्या बनी हुई है। हर थोड़ी देर में बिजली कटने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।कई बार शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
प्रदर्शन में क्षेत्र पंचायत सदस्य ओम प्रकाश सेठ, गुड्डू सोनू सेठ, सुरेश सेठ, अनिल मौर्या, शिवम, गोलू बरनवाल, त्रिपुरारी बरनवाल, राहुल यादव, गोलू सोहन यादव, सत्यम गुप्ता, विक्की सेठ, टिंकू सेठ, आफताब अहमद, सुनील चौरसिया, नीरज गुप्ता, ज्ञानू यादव, रंजीत मौर्या सहित दर्जनों लोग शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं दूसरी तरफ अधिक लोड और गर्मी के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार गर्म हो रहा था, जिसे नियंत्रित करने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी ट्रांसफार्मर और पैनल के पास पंखा लगाकर उसे ठंडा करने की जद्दोजहद में जुटे रहे। मौके पर कर्मचारी लगातार निगरानी करते नजर आए।उगापुर के एसडीओ अजित कुमार सोनकर ने बताया कि स्टेशन रोड क्षेत्र में 250 केवीए ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है।
लोड कम करने के लिए अलग से 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होते ही लो वोल्टेज और लोकल कटौती की समस्या आज शाम या कल सुबह तक समाप्त हो जाएगी।










Users Today : 7
Users This Year : 23703
Total Users : 36296
Views Today : 10
Total views : 71276