जौनपुर।
आगामी लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि लेखपाल मुख्य परीक्षा 21 मई 2026 को एक पाली में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगी। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 9,696 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 21 जोनल मजिस्ट्रेट, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 5 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट, 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 10 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, शौचालय समेत सभी मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी।
डीएम ने सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट को अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए और कहा कि परीक्षा से जुड़ी बुकलेट का गहन अध्ययन कर शासन की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन किया जाए।
वहीं यातायात निरीक्षक को परीक्षा के दिन सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।










Users Today : 7
Users This Year : 23703
Total Users : 36296
Views Today : 10
Total views : 71276