वाराणसी :
नगर निगम ने शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लिया है । इस क्रम में विकास कार्यों में लापरवाही और घटिया निर्माण को लेकर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित दो फर्मों पर कुल सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि सरकारी धन का दुरुपयोग और गुणवत्ता से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।

नगर आयुक्त रविवार को सबसे पहले बड़ा लालपुर स्थित निर्माणाधीन सीनियर केयर सेंटर का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। वहां चल रहे निर्माण कार्यों की गति बेहद धीमी पाई गई। जब उन्होंने काम की गुणवत्ता की जांच की, तो वह भी मानक के विपरीत (खराब) मिली। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी फर्म को तत्काल पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर आयुक्त पांडेपुर-पंचकोशी मार्ग पर बन रहे सारनाथ जोन कार्यालय के भवन का जायजा लेने पहुंचे। यहां ठेकेदार की लापरवाही सामने दिखी । कार्य शुरू हुए छह महीने से अधिक का समय बीत चुका था, लेकिन मौके पर मात्र आधा-अधूरा बेसमेंट ही बनाया गया था। यही नहीं, निर्माण में प्रयुक्त हो रही सामग्री की गुणवत्ता भी बेहद घटिया थी। कार्य में इस शिथिलता और घटिया मैटेरियल के लिए नगर आयुक्त ने संबंधित फर्म पर दो लाख रुपये का अर्थदंड ठोक दिया।

नालों की तल्ली झाड़ सफाई के निर्देश, कच्चे नाले को पक्का करने का बनेगा प्रस्ताव
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ऐढ़े (बड़ा लालपुर) में 4.5 किलोमीटर लंबे बड़े कच्चे नाले की सफाई का भी जायजा लिया। उन्होंने इस नाले को भविष्य में पक्का बनाने के लिए जल्द से जल्द प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही पांडेपुर-पंचकोशी मार्ग पर नरोखर नाला और पाल बस्ती नाले के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि मॉनसून से पहले सिल्ट (कीचड़) हटाकर नालों की ‘तल्ली झाड़’ (पूरी गहराई तक) सफाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव, सहायक अभियंता (सिविल) अनूप सिंह, मिथुन कुमार (सहायक अभियंता सिविल सलमान (अवर अभियंता सिविल)निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित रहे।
अवर अभियंता (सिविल) शिव कुमार सरोज एवं संबंधित फर्मों के प्रतिनिधि मौके पर उपस्थित रहे।










Users Today : 0
Users This Year : 23696
Total Users : 36289
Views Today :
Total views : 71266