चन्दौली शहाबगंज
कंचनपुर स्थित आवास पर रविवार को विश्वकर्मा सभा द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में उस समय उत्साह का माहौल बन गया, जब भारतीय जनता पार्टी वाराणसी के जिला अध्यक्ष एवं नवनियुक्त राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के स्वागत में पूरा परिसर जयघोषों से गूंज उठा। समाज के लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह भेंट कर ऐतिहासिक सम्मान दिया।
समारोह में भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने विश्वकर्मा समाज की एकजुटता और ताकत का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वकर्मा सभा के अध्यक्ष अमरनाथ विश्वकर्मा ने की। उन्होंने कहा कि हंसराज विश्वकर्मा को संगठन और सरकार में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे विश्वकर्मा समाज की प्रतिष्ठा और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समाज को अब नई दिशा और मजबूत नेतृत्व मिला है, जिससे युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने भावुक अंदाज में समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए जिम्मेदारियों को और बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि पार्टी और समाज ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस भरोसे पर पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, संगठन और संस्कार को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि एकजुट समाज ही विकास की सबसे बड़ी ताकत होता है।
समारोह के दौरान ढोल-नगाड़ों और जयघोषों के बीच लोगों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भारी मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। लोगों में हंसराज विश्वकर्मा के साथ तस्वीर खिंचवाने की होड़ लगी रही। पूरा आयोजन सामाजिक भाईचारे, सम्मान और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बन गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से रिंकू विश्वकर्मा, महेंद विश्वकर्मा, संतोष कुमार विश्वकर्मा, विजय विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभी ने हंसराज विश्वकर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समाज और क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।









Users Today : 1
Users This Year : 15568
Total Users : 28161
Views Today : 1
Total views : 55909