अंबेडकरनगर जिले के विकासखंड जहांगीरगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत मुबारकपुर पिकार में प्राथमिक विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की गंभीर लापरवाही का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।
9 अप्रैल 2026 को लगभग 4 वर्ष 6 माह की मासूम बच्ची रिमझिम को विद्यालय के कमरे में बंद कर ताला लगाकर चले जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था।
आंगनबाड़ी केंद्र की बड़ी लापरवाही, बच्ची को ताले में बंद छोड़ने पर विभाग मौन।
मासूम को कमरे में बंद कर चले गए जिम्मेदार नोटिस के बाद भी कार्रवाई नहींखबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में तो आया लेकिन अब तक जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी जहांगीरगंज द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ती और सहायिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि बच्ची विद्यालय में बंद पाई गई तथा यह पूछा गया कि बच्ची का पंजीकरण और उपस्थिति दर्ज थी या नहीं।
साथ ही संतोषजनक जवाब न मिलने पर सेवा समाप्ति तक की चेतावनी भी दी गई है। लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि जब विभाग स्वयं घटना को गंभीर मान चुका है तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र पर लंबे समय से अनियमितताएं चल रही हैं। बच्चों को समय से पोषण आहार नहीं दिया जाता शैक्षिक गतिविधियां नाम मात्र की हैं और बच्चों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते परिजन बच्ची को खोजते हुए विद्यालय न पहुंचते तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को केवल नोटिस तक सीमित न रखा जाए बल्कि दोषियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी मासूम की जिंदगी से इस तरह खिलवाड़ न हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस गंभीर मामले में भी कार्रवाई नहीं हुई, तो यह विभागीय लापरवाही और जिम्मेदारों को संरक्षण देने का स्पष्ट उदाहरण माना जाएगा। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और बाल विकास विभाग पर टिकी हैं कि वे मासूम बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं या फिर मामला फाइलों में दबाकर भूल जाते हैं।










Users Today : 7
Users This Year : 23703
Total Users : 36296
Views Today : 10
Total views : 71276