वाराणसी।
9 मई 2026 का दिन वाराणसी की हॉकी के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। यूपी कॉलेज के आधुनिक एस्ट्रो टर्फ मैदान पर पहली बार फ्लड लाइट की दूधिया रोशनी में हॉकी मुकाबले खेले गए। इस ऐतिहासिक अवसर पर युवा खिलाड़ियों से लेकर ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों तक ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत युवा खिलाड़ियों के रोमांचक मुकाबलों से हुई। नए टर्फ पर खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। इसके बाद ओलंपियन ललित उपाध्याय और राहुल सिंह समेत कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हॉकी सितारों ने मैदान में उतरकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस से पहले मुख्य अतिथि मंत्री रविंद्र जायसवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अनेक खेलप्रेमी मौजूद थे। हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ ने बताया कि यूपी कॉलेज में एस्ट्रो टर्फ बनने के बाद अब वाराणसी में हॉकी के तीन आधुनिक एस्ट्रो टर्फ मैदान हो गए हैं।
इनमें बीएचयू ,बड़ा लालपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल और यूपी कॉलेज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा खेल सुविधाओं को लगातार बढ़ावा दिए जाने का सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेगा।
हॉकी वाराणसी के सचिव केबी रावत ने कहा कि यूपी कॉलेज का यह मैदान अब अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबलों की मेजबानी के लिए भी तैयार है। उन्होंने बताया कि जल्द ही संस्था के पदाधिकारी मंत्री रविंद्र जायसवाल से मुलाकात कर मांग करेंगे कि वाराणसी में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी मैच का आयोजन कराया जाए।











Users Today : 147
Users This Year : 23938
Total Users : 36531
Views Today : 314
Total views : 71811