बरेका में अंडर-17 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के बास्केटबॉल कोर्ट पर दिनांक 07 मई 2026 से अंडर-17 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 07 मई से 10 मई 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें वाराणसी की विभिन्न प्रतिष्ठित टीमों की प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ी भाग ले रही हैं।

प्रतियोगिता में कुल 07 टीमों — राजर्षि क्लब, सनबीम सन सिटी, बरेका, सिगरा स्टेडियम, संत अतुलानंद (होलापुर), सनबीम भगवानपुर एवं सनबीम वरुणा — ने सहभागिता सुनिश्चित की है।प्रतियोगिता का उद्घाटन सचिव, बास्केटबॉल, बरेका एवं जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया।

अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल न केवल शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी बच्चों को मजबूत बनाता है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल से दूरी बनाकर खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला राजर्षि क्लब एवं सनबीम सन सिटी के बीच खेला गया, जिसमें राजर्षि क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38-03 से एकतरफा विजय प्राप्त की।
दूसरा मैच बरेका एवं सिगरा स्टेडियम के मध्य खेला गया, जिसमें बरेका टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए सिगरा स्टेडियम को 44-15 से पराजित कर प्रभावशाली जीत दर्ज की।

तीसरा मुकाबला संत अतुलानंद (होलापुर) एवं सनबीम भगवानपुर के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया तथा दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।संत अतुलानंद (होलापुर) की टीम ने सनबीम भगवानपुर को 31-11 से शानदार जीत दर्ज की।

पूरे प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों का जोश, ऊर्जा एवं खेल भावना देखते ही बन रही थी। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन किया, जिससे खेल परिसर रोमांच एवं उत्साह से सराबोर रहा।

इस अवसर पर सचिव, संस्थान आलोक कुमार सिंह, बरेका बास्केटबॉल एकेडमी के कोच एल. के. बिस्वाल एवं बाबी सिंह उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में विकास यादव, लक्ष्य वर्मा, राहुल श्रीवास्तव एवं आलोक रंजन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

 

रिपोर्ट धनेश्वर साहनी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई