बांदा: 4 मई-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में जनपद बांदा विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। क्षेत्र के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए यहां पर योगी सरकार पैलानी-गलौली से सिंघनकला लसड़ा मार्ग पर तुर्री नाला पर एक भव्य दीर्घ सेतु का निर्माण करा रही है।
जिसका कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। यह सेतु लगभग 15 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से बनाया जा रहा है और इसके सुरक्षात्मक कार्यों ने अब धरातल पर आकार लेना शुरू कर दिया है।
साकार हो रहा ग्रामीणों का सपना
पैलानी और आसपास के दर्जनों गांवों के लिए यह पुल किसी वरदान से कम नहीं है। यहां पर वर्षों से ग्रामीण एक सुरक्षित मार्ग की आस लगाए बैठे थे। क्योंकि बारिश के दिनों में यहां पर नाला पर बने रपटे पर बाढ़ का पानी आ जाने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
जिसके कारण यहां के आवागमन का संपर्क टूट जाता था। जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियां ठप हो जाती थी। जिसको लेकर योगी सरकार ने ग्रामीणों की इस पीड़ा को समझा और भारी बजट स्वीकृत कर इस परियोजना को हरी झंडी दी।
लगभग 50% कार्य पूर्ण, गुणवत्ता पर विशेष जोर
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पुल का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब तक लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है। परियोजना में न केवल पुल का निर्माण शामिल है बल्कि भविष्य में भू-कटाव को रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जा रहे हैं।
विभाग ने इस परियोजना को पूरा करने के लिए 30 जून 2027 का लक्ष्य निर्धारित किया है। जहां पूर्ववर्ती सरकारों में यहां के लोगों की मांगों को अनसुना किया गया। वहीं योगी सरकार ने यहां के लोगों की समस्या को समझा और उनके क्षेत्र को बड़ी कनेक्टिविटी देकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ दिया है। इस सेतु के बनने से पैलानी-गलौली से सिंघनकला तक का सफर न केवल सुगम होगा बल्कि समय की भी भारी बचत होगी।
कनेक्टिविटी से खुलेगा समृद्धि का द्वार
आगे आने वाले समय मे क्षेत्र के विकास में यह पुल मील का पत्थर साबित होगा। जहां सुगम यातायात से किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में आसानी होगी वहीं आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस व अन्य आवश्यक सेवाएं समय पर गांवों तक पहुंच सकेंगी।
योगी सरकार का यह कदम बांदा जनपद के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।










Users Today : 0
Users This Year : 23791
Total Users : 36384
Views Today :
Total views : 71497