मऊ।
जनपद के थाना घोसी क्षेत्र में गुरुवार देर रात रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। गोरखपुर-मऊ हाईवे पर बनियापार के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने सेकेंड मोबाइल सरकारी वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चालक हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम नियमित रात्रि गश्त पर निकली थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने सरकारी वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल प्रितम कुमार यादव, चालक हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव और पीआरडी जवान ओमप्रकाश घायल हुए। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से सभी को तत्काल सीएचसी घोसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मऊ रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने ईसीजी जांच के बाद रात करीब 2 बजे चालक हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया, जिससे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। साथ ही चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत हेड कांस्टेबल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। फिलहाल अन्य घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।











Users Today : 125
Users This Year : 17438
Total Users : 30031
Views Today : 234
Total views : 59514