मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आजमगढ़–मुहम्मदाबाद गोहना मुख्य मार्ग पर सोमवार दोपहर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। ग्राम बनियापार के समीप करीब दो बजे एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने ऐसा कहर बरपाया कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और एक मासूम जिंदगी मौत से जूझने को मजबूर हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने साइकिल सवार 14 वर्षीय आकाश चौहान (पुत्र प्रकाश चौहान, निवासी केरमा साहुआवरी, जनपद आजमगढ़) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई। बेकाबू स्कॉर्पियो यहीं नहीं रुकी, बल्कि आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे खड़ी एक चार पहिया वाहन से टकरा गई और उसे घसीटते हुए बिजली के पोल में जा भिड़ी, जिससे पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया।
तेजरफ्तार का शिकार बना मासूम
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल आकाश सड़क किनारे तड़पता रहा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल उसे आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आकाश साइकिल से सरसों लेकर कोल्हू पर तेल पेराने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लगभग एक घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और आवागमन बहाल कराया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी स्कॉर्पियो चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, जबकि लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
रिपोर्ट – विजयलक्ष्मी तिवारी











Users Today : 127
Users This Year : 23918
Total Users : 36511
Views Today : 282
Total views : 71779