इलिया (चंदौली) इलिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत इलिया में मंगलवार को अंबेडकर जयंती सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं रही, बल्कि यह दिन बच्चों की प्रतिभा, शिक्षा और प्रेरणा का उत्सव बन गया। कार्यक्रम आयोजकों ने परंपरागत तरीकों से हटकर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन कर एक नई मिसाल पेश की, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्टडी टेबल, दीवार घड़ी, मेडल और डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कुल 10 मेधावी बच्चों को विजेता घोषित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
प्रतियोगिता में कक्षा 8 के शिवम गुप्ता, कक्षा 5 के सनी कुमार और कक्षा 4 के प्रज्वल गुप्ता ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में न्यू शाइनिंग स्टार ग्लोबल स्कूल, जेएनवी कोचिंग, मां सरस्वती कोचिंग और द बेस्ट कोचिंग सेंटर सहित कई शिक्षण संस्थानों की सक्रिय भागीदारी रही।
इस अवसर पर इलिया थाना अध्यक्ष चंदन राय, चौकी इंचार्ज चंद्र शुक्ला समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सोनू राव, तथा विशेष सहयोगी राजमणि, अमित कुमार, अजीत कुमार, सूरज कुमार, अंबुज कुमार, धीरज कुमार और गौरी शंकर ने किया, जबकि ग्राम प्रधान सुरेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।
थाना अध्यक्ष चंदन राय ने इस पहल की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयास बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करते हैं।
यह आयोजन न सिर्फ अंबेडकर जयंती का उत्सव बना, बल्कि शिक्षा और जागरूकता का संदेश देकर क्षेत्र में एक नई दिशा भी तय कर गया।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 7
Users This Year : 23703
Total Users : 36296
Views Today : 10
Total views : 71276