चन्दौली डीडीयू नगर गुमशुदा हुए तीन नाबालिग बच्चों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। शुरुआती तौर पर अपहरण की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन जांच में मामला पारिवारिक विवाद का निकला।
जानकारी के अनुसार, कंकड़हिया नई बस्ती निवासी नवाब अली ने 13 अप्रैल को मुगलसराय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी नाबालिग बेटी और रिश्तेदार के दो अन्य बच्चे सेंट जेवियर स्कूल, बेचूपुर से पढ़ने के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं लौटे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर मुगलसराय थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बच्चों की लोकेशन जनपद गाजीपुर के मिश्र बाजार क्षेत्र में ट्रेस की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कपूर नगर, मिश्र बाजार से तीनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य बालिका अपने पिता द्वारा शराब के नशे में होने वाले विवाद और मां की मारपीट से परेशान थी, जिसके चलते वह घर छोड़कर चली गई थी। उसके प्रति लगाव के कारण अन्य दोनों बच्चे भी उसके साथ चले गए थे।
जांच में स्पष्ट हुआ कि यह मामला अपहरण का नहीं था। फिलहाल तीनों बच्चों को विधिक प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। बालिका ने अपने नाना के साथ रहने की इच्छा जताई है, जिस पर समिति निर्णय लेगी।
पुलिस ने अभिभावकों को बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही बीट पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित परिवार की नियमित निगरानी की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 7
Users This Year : 23703
Total Users : 36296
Views Today : 10
Total views : 71276