वाराणसी: वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए बुधवार 15 अप्रैल 2026 को “ऑपरेशन दहन” के तहत लगभग ₹6 करोड़ 30 लाख बाजार मूल्य के 1220.945 किलोग्राम मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।

रामनगर की भट्ठी में हुआ निस्तारण:
मादक पदार्थों का विनष्टीकरण रामनगर, चन्दौली स्थित श्री गणेश प्लाइवुड इंडस्ट्री में इंसीनरेटर मशीन यानी भस्मक भट्ठी के माध्यम से किया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि तथा वाराणसी कमिश्नरेट के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।
क्या-क्या हुआ नष्ट: 20 अभियोगों का माल
पुलिस द्वारा नष्ट किए गए मादक पदार्थ कुल 20 अभियोगों से संबंधित थे, जो थाना लंका, चौबेपुर, दशाश्वमेध एवं चौक क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत किए गए थे।
निस्तारित पदार्थों का विवरण:
– सूखा गांजा: 1219.76 किलोग्राम
– नशीला पाउडर (डायजापाम): 970 ग्राम
– हेरोइन: 95 ग्राम
– अल्प्राजोलम: 120 ग्राम
– कुल वजन: 1220.945 किलोग्राम
– अनुमानित कीमत: ₹6 करोड़ 30 लाख
पुलिस आयुक्त का बयान:
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि “ऑपरेशन दहन” मादक पदार्थों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान है। इसका उद्देश्य जब्त नशे के जखीरे को कोर्ट की अनुमति के बाद नियमानुसार नष्ट करना है, ताकि इसका दोबारा दुरुपयोग न हो सके। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है।
रिपोर्ट – विजयलक्ष्मी तिवारी










Users Today : 7
Users This Year : 23703
Total Users : 36296
Views Today : 10
Total views : 71276