किशनगंज में SDPO गौतम कुमार की नौकरानी भी निकली करोड़पति आय से अधिक संपत्ति के मामले में ईओयू की छापेमारी के बाद किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार पर लगे 80 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति के आरोप में नया चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अब उनकी घरेलू नौकरानी पारो के पास भी करोड़ों की संपत्ति और लग्जरी जीवनशैली सामने आई है।
धरमगंज के किला बागान की रहने वाली पारो रोजाना 35 लाख रुपये की महंगी थार कार से SDPO के सरकारी आवास पर काम करने आती थी। पुलिसकर्मी या सरकारी वाहन विशेष रूप से उसे लाने-ले जाने के लिए भेजे जाते थे। जांच में पता चला कि उसने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के मलद्वार इलाके में लगभग एक करोड़ रुपये का बंगला बनवाया है। इसके अलावा गौतम कुमार ने उसे एक बुलेट मोटरसाइकिल भी उपहार में दी थी।
सोशल मीडिया पर सक्रिय पारो ने बुलेट के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। एक वीडियो में उसके हाथ में डेढ़ लाख रुपये नकद दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ तस्वीरों में वह SDPO गौतम कुमार और उनके साथियों के साथ नजर आ रही है। उसके घर पर 6 लाख रुपये का सोने का हार भी होने की बात सामने आई है।
ईओयू की छापेमारी के बाद पारो अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गई है। सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच आगे बढ़ रही है और और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
गौरतलब है कि 31 मार्च को ईओयू ने गौतम कुमार के पूर्णिया, किशनगंज, पटना, अररिया और सिलीगुड़ी समेत 8 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसमें 36 जमीन के दस्तावेज, महंगे गहने, घड़ियां और लग्जरी गाड़ियों के कागजात बरामद हुए। गौतम कुमार पर 32 साल की नौकरी में आय से लगभग 60 प्रतिशत अधिक संपत्ति बनाने का आरोप है।
छापेमारी के बाद गौतम कुमार को पुलिस मुख्यालय क्लोज कर दिया गया है और उन्हें निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पूर्णिया में उनका चार मंजिला आलीशान बंगला (2.5 करोड़ रुपये अनुमानित), पत्नी की 35 लाख की थार कार और अन्य लग्जरी जीवनशैली भी जांच के दायरे में है।
पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग इस पूरे मामले से हैरान हैं। ईओयू की जांच जारी है।











Users Today : 33
Users This Year : 23824
Total Users : 36417
Views Today : 56
Total views : 71553