वाराणसी।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में एक चौंकाने वाली घटना ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था और माहौल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिंदी विभाग के परास्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्र के साथ क्लासरूम में ही जाति पूछकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समाजवादी छात्र सभा की बीएचयू इकाई के अध्यक्ष हिमांशु यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे क्लास के दौरान आरोपी हिमांशु यादव ने पहले प्रशांत मिश्र से कोर्स और जाति के बारे में सवाल किया। इसके बाद अचानक गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी। पूरी घटना क्लासरूम में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
घटना के बाद पीड़ित छात्र ने लंका थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बिना देर किए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी गौरव कुमार का सख्त रुख
इस पूरे मामले में भेलूपुर के एसीपी गौरव कुमार के पर्यवेक्षण में पुलिस ने तेजी और सख्ती दिखाई। एसीपी गौरव कुमार ने साफ संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की जातीय टिप्पणी, हिंसा या दबंगई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया।
पुलिस का बयान
लंका थाना प्रभारी राजकुमार के अनुसार, “मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।”
इस घटना के बाद बीएचयू परिसर में छात्रों के बीच आक्रोश का माहौल है और कैंपस में सुरक्षा व अनुशासन को लेकर नई बहस छिड़ गई है।











Users Today : 136
Users This Year : 23927
Total Users : 36520
Views Today : 293
Total views : 71790