चन्दौली मारूकपुर क्षेत्र से निकलकर एक बार फिर प्रतिभा का परचम लहराते हुए सत्यम यादव ने GATE 2026 परीक्षा में ऑल इंडिया पहली रैंक (AIR 1) हासिल कर जिले सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सत्यम वर्तमान में Indian Institute of Technology Bombay (IIT Bombay) से एमटेक कर रहे हैं। इससे पहले भी उन्होंने वर्ष 2025 में GATE परीक्षा में ऑल इंडिया दूसरी रैंक (AIR 2) प्राप्त की थी।
सत्यम यादव विकास खंड चहनिया के ग्राम सभा नादी (मड़ई) के निवासी हैं। वे पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं समाजसेवी आनंद यादव (गुड्डू) के ज्येष्ठ पुत्र हैं। बेटे की इस अभूतपूर्व सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है और पूरे क्षेत्र में गर्व की अनुभूति हो रही है।
स्मार्ट रणनीति और मजबूत कॉन्सेप्ट बने सफलता की कुंजी
सत्यम ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी स्मार्ट और कॉन्सेप्ट-आधारित तैयारी को दिया। उन्होंने बताया कि उनकी तैयारी बहुत लंबी नहीं थी, बल्कि उन्होंने पहले से बनाए गए नोट्स और मजबूत बेसिक्स पर भरोसा किया।
उन्होंने कहा, “पिछले वर्ष ही मैंने अपने विषयों को गहराई से समझ लिया था, जिससे इस वर्ष रिवीजन करना आसान रहा। परीक्षा से करीब एक सप्ताह पहले ही मैंने गंभीरता से रिवीजन शुरू किया और साथ ही IIT Bombay के अकादमिक कार्य को भी संतुलित रखा।”
सत्यम ने विशेष रूप से Mathematics और General Aptitude पर ध्यान देने की बात कही, जिन्हें GATE में उच्च रैंक के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। उनका मानना है कि यदि कॉन्सेप्ट स्पष्ट हों और अच्छे नोट्स तैयार हों, तो कम समय में भी प्रभावी तैयारी संभव है।
किताबों और नोट्स को बताया सफलता का आधार
सत्यम ने डिजिटल शिक्षा के बढ़ते प्रभाव के बीच किताबों और स्वयं बनाए गए नोट्स की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि “किताबों से पढ़े गए कॉन्सेप्ट और अपने आसान नोट्स आज भी सबसे प्रभावी माध्यम हैं, जो बुनियादी और तकनीकी शिक्षा के बीच मजबूत कड़ी का काम करते हैं।”
पिता ने जताई भावुक खुशी
पिता आनंद यादव ने बेटे की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “आज के दौर में केवल डिजिटल साधन ही सफलता की कुंजी नहीं हैं। मेहनत, किताबों से पढ़ाई और परिवार के संघर्ष भी सफलता दिलाते हैं। मेरे बेटे ने इसका जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया है।”
सत्यम यादव की इस उपलब्धि से न केवल चंदौली बल्कि पूरे पूर्वांचल में हर्ष का माहौल है। युवा वर्ग के लिए उनकी सफलता प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 1
Users This Year : 23943
Total Users : 36536
Views Today : 1
Total views : 71817