चंदौली अलीनगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर अनिल पांडेय का तबादला पुलिस लाइन कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। उनके ट्रांसफर की खबर सामने आते ही क्षेत्र में मायूसी का माहौल देखा जा रहा है। आमजन से लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों तक, हर कोई उनके कार्यकाल को याद कर रहा है।
इंस्पेक्टर अनिल पांडेय वही अधिकारी हैं, जिन्होंने बीते जुलाई माह में मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक पिकअप चालक को बचाने के प्रयास में खुद खाई में छलांग लगा दी थी। उस दौरान मौके पर मौजूद कई लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए नीचे उतरकर खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दुर्भाग्यवश चालक की जान नहीं बच सकी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था और कई दिनों तक जनपद में इसकी चर्चा होती रही।
इतना ही नहीं, कुछ दिन पहले एक दरोगा की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसमें शरीर के कई अंग अलग-अलग हो गए थे। उस हृदयविदारक दृश्य के बीच भी अनिल पांडेय ने साहस दिखाते हुए स्वयं मौके पर पहुंचकर शव को अपने हाथों से उठाया। यह उनके कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता का प्रमाण है।
उनकी कार्यशैली हमेशा नेकी कर दरिया में डाल” वाली रही। उन्होंने कभी भी अपने अच्छे कार्यों का प्रचार नहीं किया, बल्कि चुपचाप जरूरतमंदों की मदद करते रहे। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को अस्पताल पहुंचाने से लेकर गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करने तक, उन्होंने हर संभव मदद की। खास बात यह रही कि ऐसे कार्यों में वे हमेशा कैमरों और प्रचार से दूर ही रहे।
अलीनगर थाने में उनके कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था भी मजबूत रही और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की गई। उनके स्थानांतरण से क्षेत्र के लोगों में निराशा है, लेकिन उनके कार्य और व्यक्तित्व हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 7
Users This Year : 10665
Total Users : 23258
Views Today : 8
Total views : 45669