वाराणसी।
उत्तर प्रदेश विधानमंडल की संयुक्त समिति सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम द्वारा विभिन्न विभागों और जनपद की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक सर्किट हाउस सभागार में संपन्न हुई। बैठक में समिति की सभापति मनीषा अनुरागी तथा सदस्यगण गौरीशंकर वर्मा, मनीष रावत, महेंद्र नाथ यादव, गौरी शंकर वर्मा का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया।
जनपद के विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं के विकास कार्यों से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं के परियोजना प्रबंधक / अधिकारियों और संबंधित विभाग के कार्यालयाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक संपन्न हुई। समिति ने कहा कि जनपद में जितनी भी बड़ी निर्माणाधीन परियोजनाएं हैं वहाँ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाए और जनपद स्तर पर एक कंट्रोल रूम स्थापित कर निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
जिन परियोजनाओं में फण्ड की आवश्यकता है उन्हें शासन को पत्र भेजकर प्रेषित कर अवश्य सूचित किया जाए। बैठक में परियोजनाओं की अद्यतन फोटोग्राफ ही प्रस्तुत की जाए। परियोजना के लिए नामित नोडल निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण करते रहें। कहा कि कार्यदाई संस्थाएं निर्माणाधीन विकास कार्यों में गुणवत्तापूर्ण और शासन द्वारा निर्धारित मानक का पूरा ध्यान रखें।

समिति ने कहा कि निर्माण कार्यों में बेवजह लेटलतीफ़ी न की जाए। कार्यदायी संस्थाएं तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्यों को पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। सड़क चौड़ीकरण में होने वाली पेड़ों की कटाई के बाद यदि अगल – बगल वृक्षारोपण के लिए जगह ना हो तो डिवाइडर के अलावा भी नए स्थान चिह्नित कर वृक्ष लगाने के लिए डीएफओ स्वाति को निर्देशित किया।
समिति ने कहा कि वृक्षारोपण में अधिकतर फलदार वृक्ष को ही प्राथमिकता दी जाए। समिति ने पर्यटन विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं के सही आंकड़े प्रस्तुत न करने पर जिलाधिकारी के माध्यम से रिपोर्ट माँगी। जिलाधिकारी ने समिति के विभिन्न निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।
सभापति ने निर्देश दिए कि सेतु निर्माण के साथ-साथ एप्रोच मार्गों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने को भी कहा गया। समिति ने जनपद में निर्माणाधीन पुलों की क्रमवार समीक्षा की। निर्देश दिए गए कि सभी निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर उनका समयबद्ध हैंडओवर सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को शीघ्र लाभ प्राप्त हो सके।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक के बारे में जानकारी ली। सड़कों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और निर्देशित किया कि सड़क निर्माण मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण हो। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समय से कर दी जाए, जिससे आमजन को आवागमन में असुविधा न हो। सभापति ने निर्देशित किया कि सुनिश्चित किया जाए की योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे।
कार्यदाई संस्था को निर्देश दिए गए कि कार्य मानक के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो इस अवसर पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के द्वारा माननीय समिति को आश्वस्त कराया गया कि समिति द्वारा दिए गए निर्देशों तथा सुझावों का शत – प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, डीएफओ स्वाति, एडीएम प्रशासन विपिन कुमार समेत सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











Users Today : 246
Users This Year : 10647
Total Users : 23240
Views Today : 405
Total views : 45644