वाराणसी।
चितईपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुस्वाही स्थित मनोरथ पुरी कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर कॉलोनीवासियों में नाराज़गी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से कॉलोनी में विकास कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे लोगों को दैनिक जीवन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनी के लेन नंबर 5 के निवासी अरविंद कुमार खरवार ने बताया कि यह क्षेत्र पहले ग्राम प्रधानी के अंतर्गत आता था, लेकिन अब नगर निगम के अधीन है। इसके बावजूद यहां अब तक सीवर लाइन की उचित व्यवस्था नहीं हो पाई है और न ही सड़कों का समुचित निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि वाराणसी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, फिर भी मनोरथ पुरी कॉलोनी अभी तक विकास से वंचित है। कई जगहों पर रास्तों पर अतिक्रमण भी हो गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है।
इन समस्याओं के समाधान के लिए कॉलोनीवासियों ने एक समिति गठित करने का निर्णय लिया है। इस समिति का उद्देश्य कॉलोनी में सड़क, नाली, खरंजा, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर आवाज उठाना और संबंधित विभागों तक समस्याओं को पहुंचाना होगा। इसी सिलसिले में आज कॉलोनी के लोग एकत्रित हुए और अपने मुद्दों पर चर्चा की।
अरविंद कुमार खरवार ने बताया कि वार्ड नंबर 39 के पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू हमेशा कॉलोनीवासियों के साथ खड़े रहते हैं और समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करते हैं। कॉलोनीवासियों की मांग है कि नगर निगम की ओर से यहां सड़क, बिजली, पानी और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था जल्द से जल्द की जाए।
वहीं लेन नंबर 6 के निवासी विनोद कुमार ने बताया कि पिछले तीन महीनों से कॉलोनी में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। इस दौरान लेन नंबर 4, 5 और 7 में सड़क निर्माण का काम पूरा हो चुका है, लेकिन लेन नंबर 6 का निर्माण अब तक नहीं किया गया है। जबकि शिलापट्ट पर लेन नंबर 6 का नाम भी दर्ज है।
विनोद कुमार ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब लेन नंबर 4, 5 और 7 के लिए बजट स्वीकृत हो गया और उनका काम पूरा भी हो गया, तो लेन नंबर 6 का निर्माण क्यों नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि लेन नंबर 6 के सड़क निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए, ताकि वहां रहने वाले लोगों को भी राहत मिल सके।
और वही ले नंबर दो और तीन के बीच में एक खाली प्लॉट है जहां पर बरसात का पानी अभी तक भरा हुआ है उसे भी जल्द से जल्द खाली कराया जाए नहीं तो आने वाले समय में जो भीषण गर्मी पड़ेगी उसे मच्छर उत्पन्न होंगे जिससे डेंगू मलेरिया जैसी बीमारी का खतरा बन सकता है।











Users Today : 119
Users This Year : 10777
Total Users : 23370
Views Today : 227
Total views : 45888