इलिया (चंदौली): सावित्री बाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चकिया के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के अवसर पर शनिवार को ऊर्जा संरक्षण एवं नारी सशक्तिकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह एवं डॉ. कलावती के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा शिविर परिसर की साफ-सफाई तथा बैनर-पोस्टर को व्यवस्थित करने से हुई। इसके बाद मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
अपराह्न सत्र में आयोजित बौद्धिक संगोष्ठी में अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. विश्व प्रकाश शुक्ल ने ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेहतर जीवन के लिए ऊर्जा अत्यंत आवश्यक है।
बढ़ती जनसंख्या और औद्योगिक विकास के कारण ऊर्जा की मांग तेजी से बढ़ रही है, इसलिए बिजली, पानी, पेट्रोल और डीजल का उपयोग सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक लाइट-पंखे बंद रखना, सौर ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोतों का उपयोग बढ़ाना और लोगों को जागरूक करना ऊर्जा संरक्षण के महत्वपूर्ण उपाय हैं।
वहीं हिंदी विभाग के वरिष्ठ सहायक प्रोफेसर डॉ. रमाकांत गौड़ ने नारी सशक्तिकरण विषय पर कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक अधिकारों के माध्यम से सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जब महिलाएं शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती हैं तो वे परिवार, समाज और देश के विकास में सक्रिय योगदान देती हैं। सरकार द्वारा संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना और महिला स्वयं सहायता समूह जैसी योजनाएं महिलाओं को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने ऊर्जा संरक्षण एवं नारी सशक्तिकरण को लेकर रैली निकालकर चौहान व मुस्लिम मलिन बस्ती मुहम्मदाबाद तथा शेरपुर के आसपास के लोगों को स्लोगन के माध्यम से जागरूक किया।
कार्यक्रम में रोशन मौर्या, अमन, अजय, कृष्ण कल्याणकर एवं विनय की टोली नंबर-6 ने नाश्ता और भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई। वहीं महिमा, नाज, सादिया और गरिमा यादव ने राष्ट्रीय सेवा योजना गीत का प्रस्तुतिकरण किया।
कार्यक्रम का स्वागत डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कलावती ने किया।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 4
Users This Year : 23946
Total Users : 36539
Views Today : 4
Total views : 71820