जौनपुर आस्था और श्रद्धा के साथ चौकिया माता के दर्शन करने आए एक किशोर के लिए यह यात्रा जिंदगी की आखिरी यात्रा बन गई। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चौकिया स्थित पोखरे में स्नान के दौरान 15 वर्षीय किशोर की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कमलदीप कश्यप (15 वर्ष) पुत्र संतोष कश्यप, जनपद प्रतापगढ़ के दीवानगंज पट्टी का निवासी था। सोमवार की सुबह वह अपने दो दोस्तों के साथ चौकिया माता के दर्शन करने जौनपुर आया था। दर्शन करने के बाद तीनों दोस्त चौकिया मंदिर परिसर के पास स्थित पोखरे में स्नान करने लगे।
इसी दौरान अचानक कमलदीप गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकालने की कोशिश की और आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल जौनपुर पहुंचाया।
लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में मातम छा गया।
सूचना मिलने पर लाइन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है। कि धार्मिक स्थलों के आसपास स्थित जलाशयों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं होते। एक हंसते-खेलते किशोर की असमय मौत ने सभी की आंखें नम कर दीं।
रिपोर्ट – सुरेश कुमार शर्मा










Users Today : 11
Users This Year : 23802
Total Users : 36395
Views Today : 12
Total views : 71509