महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत श्री काशी विश्वनाथ धाम में उच्चस्तरीय बैठक एवं तैयारियों की समीक्षा बैठक

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

दिनांक 07 फरवरी 2026 को श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित बोर्ड रूम (सभागार) में मंडलायुक्त महोदय, वाराणसी मंडल, पुलिस आयुक्त महोदय, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी तथा जिलाधिकारी महोदय, वाराणसी की अध्यक्षता में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों के संबंध में एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई।

बैठक में नगर निगम, विद्युत विभाग, एनडीआरएफ, सीआरपीएफ, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, तथा अन्य सभी सुरक्षा एवं सुविधा प्रदायी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान सभी विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों का स्पष्ट चिन्हांकन किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम एवं उसके आसपास स्थित सभी विद्युत खंभों की टेपिंग सुनिश्चित की जाए तथा धाम परिसर में विद्युत सुरक्षा संबंधी ऑडिट पूर्ण किया जाए। अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत अग्निशमन विभाग को समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धाम के भीतर दर्शन व्यवस्था हेतु बैरिकेडिंग, प्रमुख स्थानों पर खोया-पाया केंद्र, शुद्ध पेय जल की व्यवस्था तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित किए जाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि श्रद्धालुओं से अपील की जाएगी कि वे धाम में प्रवेश करते समय प्रतिबंधित वस्तुएँ, जैसे—बड़े बैग, मोबाइल फोन, स्मार्ट/डिजिटल घड़ी, पेन, तंबाकू, पॉलीथीन बैग, प्लास्टिक की वस्तुएँ एवं अन्य निषिद्ध सामग्री अपने साथ न लाएँ तथा इन्हें अपने स्थान पर ही छोड़कर आएँ।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धाम परिसर में शुद्ध पेयजल, ग्लूकोज/ओ०आर०एस०/गुड़, तथा मेडिकल हेल्पडेस्क की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए। नगर निगम को आगामी महाशिवरात्रि से पूर्व शेष दिनों में बंदरों एवं आवारा पशुओं के नियंत्रण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक उपरांत मंडलायुक्त महोदय द्वारा संपूर्ण धाम परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का स्थलीय जायजा लिया गया तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। मीडिया के माध्यम से समस्त श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों से अपील की जाती है कि वे खाली पेट धाम में दर्शन हेतु न आएँ तथा प्रतिबंधित वस्तुएँ अपने साथ न लाएँ।

श्री काशी विश्वनाथ धाम श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। विशेष दर्शन अथवा स्पर्श दर्शन के लिए अनुरोध न करें, क्योंकि महाशिवरात्रि के अवसर पर इसे पूर्ण किया जाना संभव नहीं होगा।

काशीवासियों के लिए प्रातः 04:00 बजे से 05:00 बजे तक के दर्शन नियम के संबंध में संबंधित पक्षों से बैठक कर व्यवस्था निर्धारित की जाएगी, जिससे उन्हें सुगमता से दर्शन कराया जा सके। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंगला आरती का समय परिवर्तित रहेगा।

मंगला आरती प्रातः 02:15 बजे से 03:15 बजे तक संपन्न होगी। इसके उपरांत गर्भगृह की सफाई के बाद सामान्य दर्शन प्रारंभ होंगे, जो लगातार 45 घंटे तक चलेंगे। दिनांक 16 फरवरी 2026 को रात्रि 11:00 बजे मंदिर बंद किया जाएगा, तब तक महाशिवरात्रि के दर्शन निरंतर चलते रहेंगे।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई