वाराणसी, 28 जनवरी 2026:
वाराणसी कैन्ट विधानसभा के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने प्रत्येक बुधवार की भांति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय, गुरुधाम में जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे, जिनकी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं क्षेत्रीय समस्याओं को विधायक ने गंभीरतापूर्वक सुना।

विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई प्रातः 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक चली।
जनसुनवाई में नदेसर निवासिनी मुन्नी देवी ने कई माह से विधवा पेंशन नहीं आने की शिकायत की, जिस पर विधायक ने डीपीओ, वाराणसी को तत्काल प्रार्थिनी की समस्या दूर करने के निर्देश दिए। खोजवाँ निवासिनी अनीता देवी बिंद ने शिकायत की कि उनके मुहल्ले में एक पिज्जा की दुकान है जो देर रात्रि तक खुली रहती है। डिलीवरी करने वाले रात्रि में दरवाजा खटखटाना और अनावश्यक शोरगुल करते है। जिस पर विधायक ने थानाध्यक्ष भेलूपुर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

लहरतारा मिसिरपुर निवासी कृष्णमोहन सिंह ने मां की मृत्यु के उपरांत स्वयं और मां के संयुक्त खाते से लेनदेन रोके जाने की शिकायत की, जिस पर विधायक ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, वाराणसी को तत्काल प्रार्थी की समस्या दूर करने के निर्देश दिए।
शिवपुर निवासी शिवकुमार मौर्य ने स्वयं की जमीन पर अवैध ढंग से मार्ग निर्माण कराए जाने की शिकायत की, जिस पर विधायक ने मुख्य अभियंता नगर निगम, वाराणसी को तत्काल प्रार्थी की समस्या दूर करने हेतु भूमि की नाप कराकर मार्ग निर्माण का निर्देश दिया।
निराला नगर, शिवपुरवा निवासी शशिकांत साहू ने खुले नाले और उससे फैले गंदगी होने की शिकायत की, जिस पर विधायक ने नगर आयुक्त, वाराणसी को तत्काल समस्या दूर करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में विधायक के साथ कुशाग्र श्रीवास्तव, अभिषेक और रजनीश पाठक सहयोग के लिए उपस्थित रहे।











Users Today : 10
Users This Year : 24239
Total Users : 36832
Views Today : 18
Total views : 72392