विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान के तीसरे दिन 50 लोगों ने किया रक्तदान, टूटी भ्रांतियां

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

मीरजापुर 

राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि के 19वें पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज द्वारा चलाए जा रहे विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान के तीसरे दिन रविवार को प्रभु उपहार भवन, शुक्लाहा में उत्साह देखने को मिला। 21 से 25 अगस्त तक चल रहे इस महाअभियान के तहत प्रभु उपहार भवन में दूसरे दिन लगे शिविर में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग रक्तदान के लिए पहुंचे।

शिविर के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि जिला होमगार्ड कमांडेंट विंध्याचल पाठक रहे। अतिथियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।

शिविर में करीब 50 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि लगभग 150 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। खास बात यह रही कि वर्षों से रक्तदान को लेकर भ्रांतियां पाले कई लोगों ने पहली बार रक्तदान कर भ्रांतियों को तोड़ा। पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। वहीं कई ऐसे नियमित रक्तदाता भी पहुंचे जो अपने जीवन में 50 से 100 बार तक रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने नए रक्तदाताओं को प्रेरित किया।

ब्रह्माकुमारीज की ओर से बताया गया कि एक रक्तदान से प्राप्त रक्त के विभिन्न घटकों से तीन जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद रक्तदान कराया गया और सभी के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई।

ब्रह्माकुमारीज मीरजापुर की बी.के. बिंदु दीदी ने कहा कि रक्तदान केवल रक्त देने का नाम नहीं है, यह विश्व बंधुत्व और मानवता की भावना को साकार करने का माध्यम है। जब हम किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने के लिए अपना रक्त देते हैं, तब वास्तव में हम मानवता की सेवा करते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र, विंध्य फाउंडेशन ट्रस्ट, राउंड टेबल, रॉबिन हुड आर्मी सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के स्वयंसेवकों का सहयोग रहा।
अगले शिविर : अभियान के तहत 24 अगस्त को BHU साउथ कैंपस, बरकछा रोड तथा 25 अगस्त को के.बी.पी.जी. कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।

 

रिपोर्ट: भोलानाथ यादव

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई