संतकबीरनगर
लग्जरी शादी की चाहत ने एक युवक को अपराध की दुनिया में धकेल दिया। अपनी शादी को भव्य बनाने और मंहगे आभूषण जुटाने के लिए गैंग लीडर बलजीत यादव ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह खड़ा कर दिया। एसओजी, सर्विलांस और थाना बखिरा पुलिस की संयुक्त टीम ने इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरोह के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के हीरे जड़ित व सोने के आभूषण (कुल वजन 162.110 ग्राम), 75,200 रुपये नकद, एक देशी तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया है।
तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने जनपद संतकबीरनगर के थाना बखिरा क्षेत्र में दो तथा थाना बेलहरकला क्षेत्र में एक चोरी की घटना को अंजाम दिया था। बंद मकानों की रेकी कर रात के समय चोरी की जाती थी।
ऐसे करता था गैंग काम
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गिरोह का सरगना बलजीत यादव है, जिसकी फरवरी 2026 में शादी तय थी। शादी को शाही बनाने और महंगे जेवरात देने के लिए उसने गैंग बनाया।
कुछ सदस्य अलग-अलग क्षेत्रों में रेकी करते थे
दो सदस्य घरों में घुसकर चोरी करते थे
एक सदस्य बाहर बाइक से निगरानी करता था
चोरी के जेवरात का कुछ हिस्सा गलवाया गया, जबकि हीरे जड़ित आभूषण नहीं गलवाए गए। नकदी आपस में बांट ली जाती थी।
गिरफ्तार अभियुक्त
बलजीत यादव – गीडा, गोरखपुर
प्रिंस मिश्रा – हरपुर बुदहट, गोरखपुर
महेन्द्र कुशवाहा – रामकोला, कुशीनगर
रवि निषाद – गीडा, गोरखपुर
फारूख मोहम्मद शिकलगार – सांगली (महाराष्ट्र), हाल सहजनवा
आपराधिक इतिहास भी भारी
गिरोह के मुख्य आरोपी बलजीत यादव पर 06 और प्रिंस मिश्रा पर 08 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।










Users Today : 38
Users This Year : 10696
Total Users : 23289
Views Today : 49
Total views : 45710